पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव अब बिहार की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में बदल गया है। भाजपा के मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है और सभी प्रमुख दल चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इसी बीच राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) ने तनवीर आलम शेख को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंस पासवान ने उन्हें चुनाव चिन्ह सौंपकर मैदान में उतारा। तनवीर आलम ने कहा कि वे बांकीपुर की जनता की आवाज़ बनकर विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। तनवीर आलम ने जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है और इस बार चुनाव जनता के विश्वास, विकास और जवाबदेही का होगा। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य विधानसभा में जनता की मजबूत आवाज़ बनना है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा, जन सुराज और RLJP समेत कई दलों की मौजूदगी से बांकीपुर उपचुनाव बहुकोणीय और बेहद रोचक हो गया है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है तथा पूरे बिहार की निगाहें इस हाई-प्रोफाइल सीट पर टिकी हैं।







