The Dawn Times | Bureau Delhi
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर PK ने कहा—”सम्राट चौधरी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो कोर्ट जाएंगे”, सम्राट ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, अशोक चौधरी से 7 दिन में माफी मांगने या खुलासे की चेतावनी।
पटना/दिल्ली ब्यूरो।
जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार सरकार के दो बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए।
डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हत्या का केस दर्ज होने का दावा किया, वहीं ग्रामीण निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और उनके परिवार की संपत्ति पर सवाल खड़े किए।
सम्राट चौधरी पर आरोप
PK ने कहा कि सम्राट चौधरी पर तारापुर केस नंबर 44/1995 दर्ज है, जिसमें वे 6 लोगों की हत्या के अभियुक्त हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि नाबालिग बताकर उन्हें जेल से रिहा किया गया, जबकि चुनावी दस्तावेजों में उनकी उम्र 26 साल थी।
PK ने चेतावनी दी— “गिरफ्तारी नहीं हुई तो हम कोर्ट का सहारा लेंगे।”
सम्राट चौधरी का जवाब
डिप्टी CM ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा—
“1997-98 में मुझे कोर्ट ने बरी कर दिया था। PK केवल परसेप्शन का खेल खेल रहे हैं।”
अशोक चौधरी पर संपत्ति का विवाद
PK ने मंत्री अशोक चौधरी और उनके परिवार पर 100 करोड़ की संपत्ति खरीद का आरोप लगाया।
कहा कि शांभवी चौधरी (अशोक चौधरी की बेटी) की शादी के बाद यह संपत्ति ट्रस्ट और न्यास बोर्ड से खरीदी गई।
PK ने दावा किया कि यदि मंत्री 7 दिन में माफी नहीं मांगते हैं तो वे उनकी 500 करोड़ की कथित अवैध संपत्ति का खुलासा करेंगे।
उन्होंने एक जमीन विवाद का भी जिक्र किया, जिसमें बिक्रम (पटना) की जमीन PA योगेंद्र दत्त के नाम खरीदी गई और बाद में शांभवी के नाम ट्रांसफर कर दी गई।
इस मामले में इनकम टैक्स विभाग ने नोटिस भी भेजा।
साथ ही, PK ने आरोप लगाया कि चिराग पासवान को पैसे देकर शांभवी को लोकसभा टिकट दिलवाया गया।
जनसुराज फंडिंग पर सफाई
प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी की फंडिंग पर सवालों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने 3 साल में अपनी फीस से 241 करोड़ रुपए जमा किए, जिस पर 30.95 करोड़ जीएसटी और 20 लाख इनकम टैक्स दिया गया।
उन्होंने कहा— “मैं नेता नहीं हूं, बल्कि बिहार के बदलाव के लिए आया हूं।”
राजद पर निशाना
PK ने राजद और तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला और कहा कि भ्रष्ट नेताओं की सूची बनाने से पहले उन्हें अपने परिवार का नाम दर्ज करना चाहिए।






